यूपी में 3 दिन तक मुफ्त यात्रा कर सकेंगी महिलाएं, रक्षाबंधन पर सीएम योगी का तोहफा

Advertisements
Ad 3

उत्तर प्रदेश में महिलाएं तीन दिन तक सरकारी बसों में फ्री यात्रा कर सकेंगी। इस दौरान उन्हें किसी भी तरह का किराया नहीं देना होगा। महिलाओं के साथ सफर करने वाले एक व्यक्ति का टिकट भी फ्री रहेगा। हालांकि, एक से ज्यादा लोगों के साथ सफर करने पर सिर्फ महिला और उनके एक साथी का टिकट ही फ्री होगा। दूसरे साथी को पूरा किराया चुकाते हुए टिकट लेना होगा। सीएम योगी ने साफ किया है कि 27 अगस्त से लेकर 29 अगस्त तक महिलाएं बसों में फ्री सफर कर सकेंगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहले दो दिन के लिए फ्री बस सेवा का ऐलान किया था, लेकिन रविवार को उन्होंने रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं के लिए निशुल्क बस यात्रा के समय में वृद्धि की। उन्होंने घोषणा की कि अब यह निशुल्क यात्रा 27 अगस्त की सुबह छह बजे से 29 अगस्त की मध्य रात्रि तक की जा सकेगी। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में महिला यात्री एक सहयोगी के साथ निशुल्क यात्रा कर सकेंगी। 

अधिकारियों के साथ सीएम योगी की बैठक

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग, पुलिस, प्रशासन और अन्य संबंधित विभागों को समन्वय के साथ काम करने तथा त्योहार के लिए महिलाओं की सुरक्षित और सुविधाजनक घर वापसी सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास पर रक्षाबंधन को ध्यान में रखते हुए परिवहन निगम/विभाग, नगर विकास, पुलिस, यातायात विभागों के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। 

900 से ज्यादा बसों में फ्री यात्रा

सीएम योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन त्योहार के लिए नगर विकास विभाग की 900 से अधिक बसों में भी यह व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निजी बसों, ऑटो और टैक्सी चालकों के भी सत्यापन सुनिश्चित करते हुए महिला यात्रियों की सुरक्षा के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सभी जिलों में 25 अगस्त तक बस, टैक्सी और ऑटो-टेम्पो यूनियनों के साथ समन्वय बैठक की जाए। उन्होंने त्योहारों के दौरान प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर विशेष यातायात प्रबन्धन के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से मथुरा-वृन्दावन, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट, विंध्याचल-मिर्जापुर और गोरखपुर जैसे स्थलों पर विशेष व्यवस्था करने के लिए कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!