वीरेंद्र नाथ / आयुष श्रीवास्तव / अंकुर मिश्रा
पिपरी (सोनभद्र)। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन शुद्धि” अभियान के तहत थाना पिपरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 464 पेटियों में लदी 13,296 शीशी (4077.36 लीटर) अवैध अंग्रेजी शराब के साथ एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब और ट्रक की कुल कीमत लगभग 60 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, 02 सितंबर को पिपरी पुलिस हाईटेक रेलवे क्रासिंग, मुर्धवा चर्च के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक डीसीएम ट्रक में भारी मात्रा में शराब लादकर बिहार/झारखंड की ओर ले जाई जा रही है। सूचना पर मुर्धवा-रनटोला मार्ग पर घेराबंदी कर ट्रक संख्या GJ27TD6174 को रोकने का प्रयास किया गया, तो चालक ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा कर करीब 200 मीटर आगे ट्रक को पकड़ लिया।

तलाशी में ट्रक में जलजीरा कोल्ड ड्रिंक की आड़ में छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब की पेटियां बरामद हुईं। सभी बोतलों पर “FOR SALE IN PUNJAB ONLY” लिखा था। चालक कोई वैध कागजात नहीं दिखा सका।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान करन सिंह (28 वर्ष) पुत्र सुरेश कुमार, निवासी देव नगर, थाना भिवानी, हरियाणा के रूप में हुई है। उसके पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल और 1200 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं।

पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसे हरियाणा में किसी व्यक्ति ने ट्रक बिहार पहुंचाने के लिए दिया था और व्हाट्सएप पर “सेठ जी” नाम से सेव नंबर से लोकेशन बताई जा रही थी। पुलिस अन्य तस्करों के नेटवर्क की तलाश कर रही है।
इस संबंध में थाना पिपरी पर मु0अ0सं0-165/2026 धारा 60/63/72 आबकारी अधिनियम व 318(4) BNS के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

बरामदगी :
- 4077.36 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब – कीमत 33 लाख
- डीसीएम आइसर ट्रक – कीमत 27 लाख
- एक मोबाइल व 1200 रुपये नकद
यह कार्रवाई क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पांडेय के पर्यवेक्षण व थानाध्यक्ष राजेश जी चौबे के नेतृत्व में की गई।
