पिपरी (सोनभद्र)। पिपरी जल विद्युत परियोजना की आवासीय कॉलोनी में वर्षों से रह रहे परिवारों को बेदखली से बचाने की मांग तेज हो गई है। इसको लेकर सोमवार को जनपद सोनभद्र के प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया कि पिपरी कॉलोनी में अनेक परिवार पिछले कई वर्षों से निवास कर रहे हैं। इनमें से अधिकांश परिवारों के पास इस आवास के अलावा सिर छुपाने का कोई अन्य ठिकाना नहीं है और उनका पूरा जीवन-यापन इसी क्षेत्र से जुड़ा हुआ है।

मांग की गई कि मानवीय एवं जनहित के दृष्टिकोण से बेदखली की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाई जाए। साथ ही पात्र परिवारों को भूमि या आवास का आवंटन, लीज अथवा अन्य वैधानिक व्यवस्था उपलब्ध कराकर समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।
ज्ञापन देने वालों ने कहा कि यदि बेदखली की कार्रवाई हुई तो सैकड़ों परिवारों के सामने आवास और भविष्य को लेकर गंभीर संकट उत्पन्न हो जाएगा, इसलिए शासन-प्रशासन को जल्द निर्णय लेना चाहिए।
