यूपी सीमा से सटे झारखंड के गढ़वा जिला के धुरकी थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह जंगली हाथियों ने उत्पात मचाया है। चार-पांच हाथियों के झुंड ने दो घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। अंदर रखा खाद्यान्न भी खा गए। बॉर्डर पर जंगली हाथियों के झुंड के मद्देनजर वन विभाग सतर्क हो गया है।
गढ़वा जिले के घुरकी थाना क्षेत्र के कदवा गांव में छत्तीसगढ़ के जंगलों से आए जंगली हाथियों ने ग्रामीण मुन्ना पासवान के घर में रखे चार बोरी धान को नष्ट कर दिया। गांव के विष्णु देव कोरवा के नवनिर्मित खपरैल के मकान को भी हाथियों ने ढहा दिया। हाथियों के उत्पात से ग्रामीण भयभीत हैं।
हाथियों का झुंड ने दो-तीन दिनों से कदवा उर्फ लिखनी धौरा गांव के पास जंगल में डेरा डाले हैं। कई घरों व फसलों को नष्ट कर चुके हैं। विंढमगंज वन विभाग के रेंजर इमरान खान ने बताया कि जंगली हाथियों के झुंड के झारखंड सीमा में होने की सूचना मिली है। नजर रखी जा रही है। सीमा क्षेत्र के गांव हरपुरा, बरखोरहा, छतवा, छतरपुर, बैरखड, सुखड़ा में वन कर्मियों की तैनाती की गई है। हाथियों के गतिविधियों पर नजर रखे हैं।
