रेणुकूट (सोनभद्र) : मुर्धवा ग्राम पंचायत के पूर्व प्रधान पन्नालाल का शनिवार को आकस्मिक निधन हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, वह रेणुकूट स्थित गैस सर्विस कार्यालय में अपने नियमित कार्य के दौरान मौजूद थे।
इस दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और हृदय गति रुक जाने से वे बेहोश होकर गिर पड़े। कार्यालय में मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें हिंडालको चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके निधन की खबर जैसे ही क्षेत्र में फैली, पूरे नगर में शोक की लहर दौड़ गई।
चिकित्सालय से उनके पार्थिव शरीर को खाड़पाथर स्थित उनके आवास पर लाया गया, जहां नगरवासियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
सभी ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।
पूर्व प्रधान पन्नालाल अपने सौम्य स्वभाव, मिलनसार व्यवहार और जनसेवा के लिए जाने जाते थे। उनके निधन से क्षेत्र ने एक सजग जनसेवक को खो दिया है।
श्रद्धांजलि देने वालों में विमलेश राकेश, बलवंत सिंह, राजीव सिन्हा, आशीष शुक्ला, दीपेश जायसवाल, प्रभात, पीयूष सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
