वीरेन्द्र नाथ संवाददाता
रेणुकूट (सोनभद्र) । स्थानीय पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत धरिकार बस्ती के समीप रविवार तड़के करीब 2:30 बजे दो ट्रकों की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में चालक बाल-बाल बच गया, हालांकि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और सड़क पर लंबा जाम लग गया। शक्तिनगर की ओर से कोयला लादकर एक ट्रक रेणुकूट की दिशा में आ रही थी। उसके पीछे राखड़ (फ्लाई ऐश) लदी दूसरी ट्रक भी उसी दिशा में चल रही थी। दोनों वाहन चाचा कॉलोनी के आगे ढलान की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से भारी मशीन लदा एक ट्रेलर सामने आ गया। ट्रेलर को देखते हुए आगे चल रहे कोयला ट्रक चालक ने सतर्कता बरतते हुए वाहन की रफ्तार धीमी कर किनारे से निकालने का प्रयास किया.

इसी बीच पीछे आ रही राखड़ लदी ट्रक का चालक तेज रफ्तार के कारण संतुलन खो बैठा और आगे चल रहे ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कोयला ट्रक का टायर फट गया, जबकि पीछे वाली ट्रक का चालक केबिन में फंस गया। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। उसे हल्की चोटें आईं, जिनका प्राथमिक उपचार कराया गया। हादसे के बाद मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रणय प्रसून श्रीवास्तव एवं चौकी प्रभारी संजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाया गया, जिसके बाद लगभग सुबह चार बजे यातायात सुचारु रूप से बहाल हो सका।
