वीरेंद्र नाथ
सोनभद्र : रेणुकूट नगर पंचायत क्षेत्र में सड़क किनारे कट स्टोन लगाने का कार्य शुक्रवार को शुरू हो गया। प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री संजीव गोंड़ ने वी-मार्ट पुलिया से खाड़पाथर मोड़ तक होने वाले इस महत्वपूर्ण कार्य का विधिवत भूमि पूजन कर शुभारंभ किया। इस परियोजना के लिए 2 करोड़ 63 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
भूमि पूजन के दौरान राज्य मंत्री संजीव गोंड़ ने कहा कि प्रदेश सरकार आम जनता की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए लगातार विकास कार्य कर रही है। उन्होंने जोर दिया कि यह सड़क क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। कट स्टोन लगने से न केवल सड़क मजबूत होगी, बल्कि दुर्घटनाओं पर भी काफी हद तक अंकुश लगेगा।
उन्होंने सरकार का उद्देश्य हर नागरिक को बेहतर और सुरक्षित यातायात सुविधा प्रदान करना बताया। मंत्री गोंड़ ने यह भी कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा। यह परियोजना जिला खनिज निधि के फंड से क्रियान्वित की जा रही है।
योजना के तहत सड़क के दोनों ओर 10-10 फीट तक कट स्टोन बिछाया जाएगा। इस मार्ग की एक ओर की लंबाई लगभग 2.100 किलोमीटर है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग पर पहले अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती थीं और जाम की समस्या भी गंभीर बनी रहती थी।
सड़क के किनारे मजबूत पटरी न होने के कारण वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। अब कट स्टोन बिछने से सड़क चौड़ी और सुरक्षित होगी, जिससे यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं में भी कमी आने की उम्मीद है।
इस अवसर पर पूर्व विधान परिषद सदस्य श्याम सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य चाँदप्रकाश जैन, नगर पंचायत अध्यक्ष ममता सिंह, अधिशासी अधिकारी संजय कुमार, प्रांतीय परिषद सदस्य राकेश पांडेय, अनिल सिंह, पंकज पटेल, हरिराम शाह और राज वर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आशीष मिश्रा ने किया।
