रेणुकूट (सोनभद्र) : स्थानीय नगर रेणुकूट में व्यापार मंडल चुनाव को लेकर जारी गहमागहमी बृहस्पतिवार को समाप्त हो गई। वोटिंग खत्म होने के बाद देर शाम रिजल्ट घोषित कर दिया गया। चुनाव कमेटी की देखरेख में मतदान व मतगणना कार्य संपन्न हुआ।
मुख्य पीठासीन अधिकारी अमरेंद्र सिंह के अनुसार इस चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए 6 प्रत्याशी मैदान में थे, जिनके भाग्य का फैसला 5 मतपेटियों में था।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी बिंदु गिरी ने बताया कि मतदान प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण रही और कहीं से किसी अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली। उन्होंने जानकारी दी कि कुल लगभग 2100 मतदाता इस चुनाव में भाग ले रहे थे, जिनमें व्यापारियों का खासा उत्साह देखा गया।
सहायक निर्वाचन अधिकारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए 5 पीठासीन अधिकारियों को तैनात किया गया था, जिन्होंने मतदान की निगरानी की।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। पिपरी थाना प्रभारी प्रणय प्रसून श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद थे और पूरे मतदान केंद्र पर कड़ी निगरानी रखी गई।
कुल मिलाकर, रेणुकूट नगर में व्यापार मंडल चुनाव शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। अब सभी की निगाहें मतदान समाप्ति के बाद आने वाले परिणामों पर टिकी रही।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी बिंदु गिरी तथा मुख्य पीठासीन अधिकारी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि बृज किशोर गुप्ता व्यापार मंडल के अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने कुल 651 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। जबकि उनके प्रतिद्वंदी रहे सतेंद्र यादव – 449 व अनूप केसरी – 407, राम जयसवाल – 191, अलाउद्दीन – 179, सैयद अली – 92 मतों से ही संतोष करना पड़ा।

सुबह से ही वोटिंग का सिलसिला शुरु हो गया था। वोटरों में चुनाव को लेकर उत्साह दिखा।
स्थानीय नगर के व्यापारियों को कुल 2100 में 1969 वोटरों ने अपने-अपने मतों का प्रयोग किया। देर शाम रिजल्ट घोषित होने के बाद निर्वाचित अध्यक्ष खेमे के समर्थकों में काफी उत्साह देखा गया। मतदान व मतगणना के दौरान सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे।

202 वोट से जीते ब्रिजकिशोर गुप्ता
रेणुकूट – चुनाव में 2100 वोटरों में 1969 ने मताधिकार का प्रयोग किया। तीन बजे के बाद मतगणना उपरांत परिणाम घोषित किया गया। कुल 5 बॉक्स थे जिसमें पहली बार के बॉक्स की गिनती में सतेंद्र यादव ने बढ़त बनाया पर दूसरे बॉक्स से बृजकिशोर गुप्ता ने बढ़त बनाना शुरू किया और इस तरह बृजकिशोर गुप्ता ने सतेंद्र यादव को 202 वोटों से पराजित कर व्यापार मंडल अध्यक्ष पद पर कब्जा जमा लिया है। विजेता बृजकिशोर गुप्ता को चुनाव कमेटी ने प्रमाण पत्र दिया।

जीत के बाद बृजकिशोर गुप्ता के समर्थकों ने नारेबाजी करते हुए जमकर जश्न मनाया। निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने व वोटों की गिनती को लेकर दिनभर बिन्दु गिरी, अमरेन्द्र सिंह, अखिलेश मिश्रा, विजय गुप्ता, यतीश पटेल, राज वर्मा, अजय जौहरी, विजय प्रताप सिंह उर्फ डब्लू सिंह समेत दर्जनों पुलिस के जवान तैनात रहे।
