हिस्ट्रीशीटर पर 61 लाख से अधिक की ठगी का आरोप एसपी से लगाई न्याय की गुहार
रेणुकूट (सोनभद्र) : रेणुकूट के पिपरी थाना क्षेत्र के रेणुकूट में 82 वर्षीय महीपाल खेतान ने एक हिस्ट्रीशीटर और उसके साथियों पर गिरोह बनाकर 61 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। मामला जमीन की खरीद-फरोख्त से जुड़ा है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुर्धवा स्थित साकेत विहार कॉलोनी निवासी महीपाल खेतान के अनुसार, मुर्धवा रोटरी क्लब के पीछे रहने वाले नरेंद्र सिंह ने अपने साथियों लालधर राय और संजय सिंह के साथ मिलकर वाराणसी में जमीन दिलाने का झांसा दिया। आरोप है कि विभिन्न तिथियों में नकद और बैंक ट्रांजैक्शन के माध्यम से उनसे करीब 46 लाख 33 हजार रुपये लिए गए। पीड़ित ने भुगतान से जुड़े रिकॉर्ड होने का दावा किया है।
खेतान का कहना है कि जमीन का एग्रीमेंट उनके नाम कराने की बात कही गई थी, लेकिन बाद में पता चला कि नरेंद्र सिंह ने कथित रूप से धोखाधड़ी कर एग्रीमेंट अपने नाम करा लिया। जब उन्होंने दस्तावेज मांगे तो महीनों तक टालमटोल की जाती रही। विरोध करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई।
पीड़ित ने एक अन्य मामले का भी उल्लेख किया है। उनके अनुसार वर्ष 2021 में नरेंद्र सिंह ने मुर्धवा मंदिर के पीछे स्थित एक जमीन को अपनी बताकर लगभग 15 लाख रुपये में उसकी रजिस्ट्री करा दी। बाद में जानकारी हुई कि उक्त जमीन वास्तव में हरगोविंद गौड़ के नाम दर्ज है। आरोप है कि इस मामले में भी आरोपी अतिरिक्त रुपये की मांग कर रहा है और विरोध करने पर धमकियां दे रहा है।
महीपाल खेतान ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि आरोपी नरेंद्र सिंह हिस्ट्रीशीटर है, जिसके भय से वह काफी डरे हुए हैं। वृद्धावस्था और चलने-फिरने में असमर्थता का हवाला देते हुए उन्होंने पुलिस प्रशासन से जान-माल की सुरक्षा तथा निष्पक्ष जांच कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
