यूपी में बिजली बिल के बकायेदारों और बिजली चोरी के मुकदमे का सामना कर रहे लोगों के लिए छूट और मुकदमे से मुक्ति पाने का यही मौका है। एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) के खत्म होने में अब सिर्फ चार दिन बचे हैं। 16 जनवरी 2024 को यह योजना समाप्त हो रही है। इस बीच सरकार ने एक बार फिर लोगों से अपील की है कि योजना के तहत रजिस्ट्रेशन कराकर इसका लाभ उठाएं।
विभिन्न माध्यमों से जारी विज्ञापनों में सरकार की ओर से बताया गया कि ऊर्जा विभाग की इस योजना से बिजली बिल के ब्याज में तो छूट प्राप्त किया ही जा सकता है बल्कि बिजली चोरी के प्रकरणों में पंजीकरण कराने पर राजस्व निधारण पर सर्वाधिक छूट और मुकदमे से छुटकारा भी पाया जा सकता है।
योजना के महत्वपूर्ण बिन्दुओं के बारे में बताते हुए जानकारी दी गई है कि इसके तहत छोटे उपभोक्ताओं और किसानों को सरचार्ज में छूट दी जा रही है। किस्तों में भी बकाया भुगतान की सुविधा दी गई है। योजना की अंतिम तारीख 16 जनवरी 2024 है। बताया गया है कि निकटतम एसडीओ ऑफिस, खंड कार्यालय, विभागीय कलेक्शन सेंटर, जन सुविधा केंद्र (सीएससी) या www.uppcl.org पर पंजीकरण करवाकर योजना का लाभ उठाया जा सकता है।
