वीरेंद्र नाथ संवाददाता
रेणुकूट (सोनभद्र)। दिन शुक्रवार 23 मई 2025 को पाकिस्तान पर ऐतिहासिक विजय और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के उपलक्ष्य में शुक्रवार को रेणुकूट में भारतीय जनता पार्टी व जनसामान्य के सहयोग से एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुर्धवा स्थित राधा कृष्ण मंदिर से शुरू होकर यह यात्रा पिपरी तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम’, ‘जय जवान जय किसान’, और ‘भारतीय सेना जिंदाबाद’ जैसे देशभक्ति नारों से वातावरण गूंज उठा।

इस तिरंगा यात्रा के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश एससी/एसटी आयोग के प्रदेश उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार थे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश कार्य समिति सदस्य श्याम प्रकाश जैन उपस्थित रहे।
जीत सिंह खरवार ने कहा, “भारतीय सेना ने जिस अद्वितीय साहस और देशभक्ति का प्रदर्शन किया है, वह इतिहास में स्वर्णाक्षरों में लिखा जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सेना ने आतंकवाद और पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है।”

प्रदेश कार्यसमिति सदस्य चाँद प्रकाश जैन ने भी सेना के शौर्य की सराहना करते हुए कहा कि भारत अब कमजोर नहीं रहा और दुश्मन को मुँहतोड़ जवाब देने में सक्षम है।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष छवि शाह, पिपरी नगर पंचायत अध्यक्ष दिग्विजय प्रताप सिंह, राकेश पाण्डेय, राज वर्मा, प्रदीप सिंह रानू, आशीष मिश्रा, रामभगत यादव, रिंकू सिंह, बिंदु गिरी, मनोज त्रिपाठी, और विजेंद्र सिंह सहित कई प्रमुख भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
