जनपद भर में जागरूकता, सुरक्षा और स्वावलम्बन का संदेश

Advertisements
Ad 3

मिशन शक्ति फेज–5.0: चंदौली पुलिस का महिला सशक्तिकरण पर बड़ा अभियान

चंदौली।
उत्तर प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य लांग्हे के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों द्वारा “मिशन शक्ति” विशेष अभियान (फेज–5.0) के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन को लेकर व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य कम्युनिटी पुलिसिंग को सशक्त बनाते हुए महिलाओं को सुरक्षित और निर्भीक वातावरण प्रदान करना है।
अभियान के अंतर्गत जनपद के सभी थानों की एंटीरोमियो टीमों ने स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों, कस्बों एवं भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर सघन जागरूकता अभियान चलाया। महिलाओं और बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, पुलिस सहायता सेवाओं जैसे डायल 112, महिला हेल्पलाइन 1090, साइबर अपराध से बचाव तथा आत्मरक्षा के उपायों की जानकारी दी गई।
ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित जागरूकता गोष्ठियों के माध्यम से महिला संबंधित समस्याओं को न केवल सुना गया, बल्कि उनके तत्काल एवं प्रभावी निस्तारण की दिशा में कार्रवाई भी की गई। अभियान के दौरान पुलिस द्वारा समुदाय के साथ सीधा संवाद स्थापित कर पुलिस–जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करने पर विशेष बल दिया गया।
इसके साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों—वूमेन पावर लाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड लाइन 1098, एम्बुलेंस 108, स्वास्थ्य सेवा 102 एवं साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930—की जानकारी पंपलेट वितरण के माध्यम से दी गई।
पुलिस अधीक्षक के संदेश में स्पष्ट किया गया कि महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा और सम्मान चंदौली पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। थाना स्तर पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों के कार्य, उद्देश्य एवं उपलब्ध सेवाओं की जानकारी भी आमजन को दी गई। चंदौली पुलिस समाज के हर वर्ग के साथ मिलकर महिलाओं के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम एवं सशक्तिकरण के लिए सतत रूप से प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!