राजेन्द्र प्रसाद/विनय कुमार
चंदौली। जनपद में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने एवं यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस व जनपदीय थाना पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 143 वाहनों का चालान करते हुए ₹1,91,000 का जुर्माना अधिरोपित किया गया।
यह अभियान श्री पीयूष मोर्डिया, अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन तथा श्री वैभव कृष्ण, पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र द्वारा निर्गत आदेशों के क्रम में पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य लांग्हे के निर्देशन में संचालित किया गया। अभियान का पर्यवेक्षण क्षेत्राधिकारी यातायात अरुण कुमार सिंह द्वारा किया गया, जबकि प्रभारी निरीक्षक यातायात सत्य प्रकाश यादव अपनी टीम एवं जनपदीय थाना पुलिस के साथ सक्रिय रहे।
चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, तीन सवारी, बिना रजिस्ट्रेशन पिकअप वाहन, मानक के अनुरूप नंबर प्लेट न होना, नो पार्किंग तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की गई। आंकड़ों के अनुसार बिना हेलमेट 88 वाहन, नो पार्किंग 16 वाहन तथा तीन सवारी सहित अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 143 वाहनों का चालान किया गया।
पुलिस द्वारा प्रमुख चौराहों पर सघन चेकिंग के साथ-साथ वाहन चालकों एवं आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया। उन्हें नशे की हालत में वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, अवयस्क को वाहन न सौंपने, निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी न बैठाने, ओवरलोडिंग से बचने तथा दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
