रेणुकूट व्यापार मंडल चुनाव को लेकर मंथन तेज, नई कमेटी गठन की उठी मांग

Advertisements
Ad 3

रेणुकूट (सोनभद्र) : 18 मार्च 2026 नगर में व्यापार मंडल चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। बुधवार को चुनाव प्रबंधन एवं कमेटी गठन के संबंध में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता केशनाथ पांडेय के नेतृत्व में संपन्न हुई।

बैठक में वर्तमान चुनाव प्रबंधन कमेटी के साथ विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान अजय राय ने चुनाव प्रक्रिया में हो रही अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए कमेटी में सुधार एवं अधिक से अधिक व्यापारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

Oplus_16908288

वहीं, अखिलेश यादव ने गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान कमेटी द्वारा कराए गए चुनाव को पहले निरस्त कर नई कमेटी का गठन किया जाए और उसी के माध्यम से पूरी चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई जाए। उनका मानना था कि ऐसा न होने पर वर्तमान एवं नए पदाधिकारियों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

बैठक में यह भी प्रस्ताव रखा गया कि नगर के प्रबुद्ध, अनुभवी एवं सक्षम व्यापारियों को शामिल करते हुए एक सशक्त निगरानी कमेटी गठित की जाए, जिसमें सभी वर्गों के व्यापारियों का प्रतिनिधित्व हो। यह कमेटी चुनाव प्रक्रिया की देखरेख के साथ-साथ निर्वाचित पदाधिकारियों के कार्यों की नियमित समीक्षा भी करेगी।

प्रस्ताव के अनुसार, चुने गए पदाधिकारी प्रत्येक वर्ष अपने आय-व्यय, कार्यों एवं निर्णयों का विवरण कमेटी के समक्ष प्रस्तुत करेंगे, जिसकी समीक्षा के आधार पर उनके कार्यकाल के संचालन पर निर्णय लिया जाएगा। यदि किसी प्रकार की अनियमितता या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो कमेटी को बहुमत के आधार पर संबंधित पदाधिकारी को पद से हटाने और नए सदस्य को जिम्मेदारी सौंपने का अधिकार भी होगा।

बैठक में उपस्थित व्यापारियों अमरेंद्र सिंह, बिंदु गिरी एवं शिवकुमारने प्रस्तावित सुधारों पर सहमति जताते हुए वर्तमान व्यवस्था में पारदर्शिता लाने की आवश्यकता पर बल दिया। इसके अलावा विजय नाथ पांडेय, नईम गाजीपुरी, विजय शंकर मिश्रा, विजय प्रताप सिंह, अजय जौहरी, अखिलेश मिश्रा, अभय प्रताप सिंह, गोपाल सिंह, राजीव सिन्हा एवं अनुज अग्रवाल सहित अन्य व्यापारियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए बैठक में लिए गए निर्णयों का समर्थन किया।

अंत में सभी व्यापारियों ने हर्षध्वनि के साथ बैठक का समापन किया, वहीं यह संकेत भी दिया कि आने वाले समय में व्यापार मंडल की कार्यप्रणाली में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!