रेणुकूट (सोनभद्र) । दुद्धी को जिला और अनपरा व पिपरी को तहसील का दर्जा देने की मांग ने शुक्रवार को जोर पकड़ लिया। मोर्चा के अध्यक्ष व वरिष्ठ भाजपा नेता पारसनाथ गुप्त के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम निखिल यादव को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में बताया गया कि दुद्धी को जिला बनाने की मांग 1999 से लगातार उठाई जा रही है। 1989 में सोनभद्र के जिला गठन के बाद से ही दक्षिणांचल में अलग जिला मुख्यालय की आवश्यकता महसूस की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस पहल नहीं हो सकी है।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि क्षेत्र आदिवासी बहुल है, जहां शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। दूरस्थ गांवों के लोगों को छोटे कार्यों के लिए भी लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।
उन्होंने बताया कि दुद्धी सभी मानकों पर जिला बनने योग्य है। वहीं, अनपरा व पिपरी को तहसील का दर्जा मिलने से राजस्व व प्रशासनिक कार्यों का स्थानीय स्तर पर निस्तारण आसान होगा।
