वीरेन्द्र नाथ संवाददाता
सोनभद्र जिले मे रेणुकूट के खाड़पाथर क्षेत्र स्थित एक निजी महाविद्यालय परिसर में बुधवार को भूमि कब्जे को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। इससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की।

जानकारी के अनुसार, खाड़पाथर स्थित बाबूराम सिंह महाविद्यालय परिसर में विवाद तब शुरू हुआ जब महाविद्यालय के प्रबंधक बलवंत सिंह के बड़े भाई यशवंत सिंह अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंचे। उन्होंने परिसर की बाउंड्री तोड़ना शुरू कर दिया। कॉलेज में मौजूद शिक्षकों ने इसका विरोध किया और तत्काल पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी जितेंद्र सरोज ने दोनों पक्षों की बात गंभीरता से सुनी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी पक्ष को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि शांति व्यवस्था भंग करने की किसी भी कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

महाविद्यालय की प्राचार्या जॉली अंबस्ट ने बताया कि विवादित जमीन पर लंबे समय से महाविद्यालय का कब्जा है। उन्होंने कहा कि किसी भी सक्षम प्राधिकारी द्वारा विपक्षी पक्ष को कब्जा करने का कोई आदेश नहीं दिया गया है, इसके बावजूद जबरन कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।

वहीं, राधिका इंस्टिट्यूट के प्रबंधक यशवंत सिंह ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि यदि पुलिस या प्रशासन उन्हें कार्य रोकने के लिए कहता है, तो वे इसका लिखित आदेश प्रस्तुत करें, तभी वह कार्य रोकेंगे। चौकी प्रभारी जितेंद्र सरोज ने दोनों पक्षों को सलाह दी कि यदि किसी प्रकार का विवाद है तो उसे संबंधित सक्षम अधिकारी या न्यायालय के माध्यम से सुलझाया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी को काम रुकवाना है तो वह वैध आदेश लेकर आए, उसके बाद ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय तक तनाव की स्थिति बनी रही।
