रेनुकूट (सोनभद्र) : काशी सनातन सेवा समिति के स्थापना के 8 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भव्य श्री अखंड रामचरित मानस पाठ एवं दिव्य भंडारा का आयोजन बड़े श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के श्रद्धालुओं एवं समाजसेवियों की भारी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान वाराणसी से पधारे विद्वान पंडितों द्वारा रामचरित मानस का अत्यंत मधुर एवं भावपूर्ण गायन प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं को भक्तिमय वातावरण में मंत्रमुग्ध कर दिया। मानस पाठ के दौरान पूरा परिसर “जय श्री राम” के उद्घोष से गूंज उठा।
इसके उपरांत आयोजित दिव्य भंडारे में 2000 से अधिक भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। समिति के सदस्यों एवं स्वयंसेवकों ने पूरे आयोजन को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

समिति के संयोजक बिन्देश मालवीय ने कहा कि संस्था पिछले 8 वर्षों से सनातन संस्कृति, धार्मिक आयोजन एवं सेवा कार्यों के माध्यम से समाज को जोड़ने का कार्य कर रही है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
वहीं समिति के कर्मठ सदस्य मनोज सिंह ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना एवं आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजन की भव्यता एवं समिति की सेवा भावना की सराहना की।

वहीं संस्था के प्रमुख व्यास पंडित डी डी दुबे ने वाराणसी से आए मानस गायकों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके मधुर एवं भावपूर्ण गायन ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया और श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति कराई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में चुलबुल, अभय,मंतोष, राहुल, सुरेश, दीपक, ब्रिज तिवारी,श्रीश, हरि,सूरज, के साथ साथ समिति के समस्त कार्यकर्ताओं एवं स्वयंसेवकों ने पूरी लगन, मेहनत एवं समर्पण भाव से अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी ने मिलकर आयोजन को भव्य एवं सुव्यवस्थित रूप प्रदान किया, जिसकी उपस्थित श्रद्धालुओं ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।
