रेणुकूट, 21 जून। विश्व योग दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब रेणुकूट, परोपकार सेवा समिति एवं स्प्रिंकलिंग स्माइल के संयुक्त तत्वावधान में हिंडाल्को ग्रीन पार्क में भव्य योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 150 लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर योगाभ्यास किया।

योग प्रशिक्षण का संचालन श्री आर. के. गुप्ता एवं श्री मिथलेश जी द्वारा किया गया। उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया तथा दैनिक जीवन में योग को अपनाने से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की जानकारी दी। प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास स्वस्थ, संतुलित एवं तनावमुक्त जीवन का आधार है।

कार्यक्रम के दौरान रोटरी क्लब की ओर से दोनों प्रशिक्षकों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए रोटेरियन शशि तिवारी द्वारा उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।

अपने धन्यवाद ज्ञापन में क्लब के सचिव रोटेरियन अजित अस्थाना ने सभी प्रतिभागियों, प्रशिक्षकों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे अपनाकर हम स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन की ओर अग्रसर हो सकते हैं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में रोटेरियन हेमंत लोढ़ा, अर्चना राठौर, संजय रूंथला, विशाल कश्यप, यू.सी. मिश्रा, मनीष सिंह, दिनेश उपाध्याय, राजकुमार यादव सहित परोपकार सेवा समिति, स्प्रिंकलिंग स्माइल एवं रोटरी क्लब के अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।

अंत में रोटरी क्लब की ओर से सभी प्रतिभागियों के लिए रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम का समापन स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संकल्प के साथ हुआ।

