सोनभद्र। परिवहन विभाग द्वारा सहायक संभागीय परिवहन अधिकारियों (एआरटीओ) के तबादले और नई तैनाती के क्रम में सुधा को सोनभद्र प्रथम दल में एआरटीओ (प्रवर्तन) के पद पर नियुक्त किया गया है। उनके कार्यभार ग्रहण करने से जिले में प्रवर्तन संबंधी गतिविधियों और सड़क सुरक्षा अभियानों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
सुधा इससे पहले लखनऊ में राजस्व विभाग में समीक्षा अधिकारी के पद पर कार्यरत थीं। शासन के आदेश के बाद उन्होंने सोनभद्र पहुंचकर एआरटीओ (प्रवर्तन) का विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) कौशल कुमार सिंह के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ से शिष्टाचार भेंट की।
इस दौरान अधिकारियों ने जिलाधिकारी को पुष्पगुच्छ भेंट कर जिले की परिवहन व्यवस्था, सड़क सुरक्षा और प्रवर्तन संबंधी विषयों पर चर्चा की। एआरटीओ (प्रशासन) कौशल कुमार सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार यह तैनाती की गई है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सुधा के अनुभव और कार्य शैली का लाभ विभाग को मिलेगा तथा अवैध परिवहन, ओवरलोडिंग, बिना फिटनेस और बिना परमिट संचालित वाहनों के विरुद्ध प्रवर्तन अभियान अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किए जा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग की प्राथमिकता सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करना, यातायात नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित कराना तथा आमजन को सुरक्षित एवं सुगम यातायात उपलब्ध कराना है। नई तैनाती से विभाग की कार्यक्षमता और प्रवर्तन व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार की उम्मीद है।
