सोन एडवेंचर द्वारा आयोजित ऑफ रोड बाइक सफारी तिरंगा यात्रा को जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने बाइक चलाकर किया रवाना
सोनभद्र की प्राकृतिक खूबसूरती और एडवेंचर टूरिज्म को नई पहचान दिलाने की अभिनव पहल
सोनभद्र : 80वें स्वतंत्रता दिवस के गौरवपूर्ण अवसर पर सोनभद्र में राष्ट्रप्रेम, रोमांच और पर्यटन का अनूठा संगम देखने को मिला। सोन एडवेंचर द्वारा आयोजित ‘ऑफ रोड बाइक सफारी तिरंगा यात्रा’ को जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने बाइक चलाकर उत्साहपूर्वक रवाना किया। तिरंगे की आन-बान-शान के साथ निकली इस ऑफ रोड बाइक सफारी तिरंगा यात्रा के माध्यम से जहां देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया, वहीं सोनभद्र की प्राकृतिक सुंदरता, दुर्गम एवं रोमांचक क्षेत्रों तथा एडवेंचर टूरिज्म की अपार संभावनाओं को नई पहचान दिलाने का प्रयास किया गया।

जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने कहा कि सोनभद्र प्राकृतिक सौंदर्य एवं पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत समृद्ध जनपद है। यहां के पहाड़, जंगल, जलप्रपात एवं प्राकृतिक स्थल एडवेंचर टूरिज्म के लिए व्यापक संभावनाएं समेटे हुए हैं। इस प्रकार की गतिविधियां जनपद के पर्यटन स्थलों को नई पहचान दिलाने के साथ अधिक से अधिक पर्यटकों को सोनभद्र की ओर आकर्षित करने में सहायक होंगी।
उन्होंने कहा कि पर्यटन एवं साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे।

जनपद की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए इसे एक विशिष्ट पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। ‘ऑफ रोड बाइक सफारी तिरंगा यात्रा’ में प्रतिभागियों ने हाथों एवं बाइकों पर तिरंगा लेकर राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। रोमांच से भरपूर इस यात्रा ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को विशेष स्वरूप देने के साथ सोनभद्र की खूबसूरती और साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को भी रेखांकित किया।
