सोनभद्र पुलिस की “ऑपरेशन शुद्धि” में बड़ी कामयाबी

Advertisements
Ad 3

लखनऊ से हेरोइन लाकर सोनभद्र में सप्लाई करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 6 तस्कर गिरफ्तार, 2.75 करोड़ का माल बरामद

वीरेंद्र नाथ / आयुष श्रीवास्तव / अंकुर मिश्रा

सोनभद्र, 17 अगस्त 2026। सोनभद्र पुलिस ने “ऑपरेशन शुद्धि” के तहत मादक पदार्थ तस्करों पर बड़ी कार्रवाई की है। थाना चोपन, चौकी डाला और एसओजी की संयुक्त टीम ने लखनऊ से हेरोइन की तस्करी कर सोनभद्र में सप्लाई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 6 शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में बसकटवा रेलवे ब्रिज के पास की गई चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक थार UP16CJ4450 और एक क्रेटा UP65DJ3354 को रोका। तलाशी में दोनों वाहनों से कुल 1 किलो 204 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 40 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है।

क्या-क्या बरामद हुआ
पुलिस ने तस्करों के पास से 1 किलो 204 ग्राम हेरोइन, 6 मोबाइल फोन, 1550 रुपये नकद और तस्करी में इस्तेमाल थार व क्रेटा वाहन भी जब्त किए हैं। दोनों वाहनों की अनुमानित कीमत 34 लाख रुपये है। इस तरह कुल बरामदगी लगभग 2 करोड़ 75 लाख रुपये की है।

कैसे हुई गिरफ्तारी
एएसपी ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल, एएसपी मुख्यालय अनिल कुमार और सीओ नगर रणधीर कुमार मिश्र के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता और एसओजी प्रभारी नागेश कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम कई दिनों से निगरानी कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर 17 अगस्त को सुबह करीब 4 बजे बसकटवा रेलवे ब्रिज के पास घेराबंदी कर दोनों वाहनों को पकड़ा गया।

पूछताछ में हुआ खुलासा
गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे लोग पैसा लगाकर लखनऊ से हेरोइन लाते थे और सोनभद्र के अनपरा, ओबरा समेत अन्य क्षेत्रों में फुटकर बिक्री करवाते थे। बिक्री से मिली रकम आपस में बांट लेते थे। पुलिस ने पूछताछ के आधार पर अनपरा क्षेत्र में फुटकर बिक्री करने वाले दीपक साहू को भी गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार अभियुक्त

  1. आयुष जायसवाल, निवासी डाला बाजार, थाना चोपन
  2. धर्मवीर चन्द्रवंशी, निवासी डाला चढ़ाई, थाना चोपन
  3. सुधीर कुमार उर्फ छोटू चन्द्रवंशी, निवासी डाला चढ़ाई, थाना चोपन
  4. सूरज उर्फ अभिषेक चन्द्रवंशी, निवासी डाला चढ़ाई, थाना चोपन
  5. जितेन्द्र कुमार गौड़, निवासी चूड़ी गली डाला, थाना चोपन
  6. दीपक साहू, निवासी पूर्वी परासी, थाना अनपरा

आपराधिक इतिहास
पकड़े गए सुधीर उर्फ छोटू और सूरज उर्फ अभिषेक पर पहले से एनडीपीएस एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। सुधीर पर चोपन और पिपरी थाने में 4 मुकदमे हैं, जबकि सूरज पर चोपन में 3 मुकदमे दर्ज हैं। धर्मवीर और जितेन्द्र पर भी मारपीट व चोरी के मुकदमे हैं।

पुलिस ने थाना चोपन पर मु0अ0सं0-319/2026 धारा 8/21/27A/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया है। पूछताछ में अन्य तस्करों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि “ऑपरेशन शुद्धि” के तहत जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!