आयुष श्रीवास्तव/ अंकुर मिश्रा / वीरेंद्र नाथ
रेणुकूट (सोनभद्र) : कोहरे से ढकी ठिठुरती ठंड के बीच रोटरी अध्यक्ष रो सुनील कांत पांडेय जी की अध्यक्षता में रो. मनीष सिंह एवं रो. हेमंत लोढ़ा के विशेष प्रयासों से रोटरी क्लब रेणुकूट द्वारा सुदूर कटौली गाँव में आयोजित निःशुल्क मेडिकल कैम्प ग्रामवासियों के लिए आशा की एक नई किरण बनकर उभरा। सुबह के समय जैसे-जैसे धूप की हल्की किरणें खिलीं, वैसे-वैसे बड़ी संख्या में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने कैम्प में पहुँचने लगे।

इस मेडिकल कैम्प में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन रेणुकूट, हिंडाल्को सीएसआर एवं हिंडाल्को हॉस्पिटल से जुड़े प्रतिष्ठित चिकित्सकों—डॉ. प्रेमलता, डॉ. राकेश रंजन, डॉ. राकेश शर्मा, डॉ. विनोद जैसवाल, डॉ. आनंद पटेल एवं डॉ. मिश्रा—ने स्वेच्छा से अपनी सेवाएँ प्रदान कीं, जिससे ग्रामीणों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श का भरपूर लाभ मिला।

इसके अतिरिक्त कैम्प में लैब जाँच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई, जहाँ शुगर, मलेरिया, डेंगू, टाइफाइड, हीमोग्लोबिन एवं ब्लड ग्रुप जैसी आवश्यक जाँचें की गईं। जाँच के उपरांत मरीजों को आवश्यक दवाइयाँ भी निःशुल्क वितरित की गईं।

कैम्प के सुचारु संचालन में रोटरी क्लब के सदस्यों की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही। मरीजों के पंजीकरण की जिम्मेदारी रो. अर्चना राठौड़ एवं रो. संजय रूंथला ने निभाई, वहीं मरीजों को चिकित्सकों तक पहुँचाने का कार्य रो. विशाल कश्यप द्वारा किया गया।

सम्पूर्ण कैम्प के दौरान किसी भी मरीज को असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रो. आलोक मेहता एवं रो. मनीष सिंह द्वारा रखा गया। साथ ही रो. हेमंत लोढ़ा एवं रो. अजित अस्थाना ने जलपान, खानपान सहित अन्य सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रूप से संभाला।

रोटरी सदस्यों के अतिरिक्त श्री राजकुमार यादव एवं ग्राम प्रधान श्री प्रकाश जी का सहयोग भी अत्यंत उल्लेखनीय रहा, जिनके सक्रिय योगदान के बिना यह मेडिकल कैम्प संभव नहीं हो पाता।

रोटरी क्लब रेणुकूट द्वारा आयोजित यह स्वास्थ्य शिविर ग्रामीण अंचल में स्वास्थ्य सेवा, जागरूकता एवं सामाजिक सहभागिता का एक प्रेरणादायक उदाहरण सिद्ध हुआ।
