राजेन्द्र प्रसाद/ विनय कुमार
चकिया (चंदौली) : चंद्रप्रभा वन रेंज के अंतर्गत जंगल चूड़िया क्षेत्र में सोमवार को वन विभाग ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 30 से 40 हेक्टेयर वन भूमि को कब्जामुक्त कराया। यह कार्रवाई शासन के निर्देश एवं लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) के आदेश पर की गई।
कार्रवाई के दौरान वन विभाग, राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही। अभियान का नेतृत्व चंद्रप्रभा रेंज अधिकारी अखिलेश दूबे एवं चकिया रेंज अधिकारी अश्विनी चौबे ने किया। उनके साथ डिप्टी रेंजर आनंद दूबे, वनकर्मी श्रृषु चौबे, रामचरित्तर एवं रामप्रकाश भी शामिल रहे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चकिया पुलिस के एसएसआई शिवपूजन बिंद के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात रहा। वहीं राजस्व विभाग की ओर से नायब तहसीलदार चकिया संतोष कुमार राय एवं लेखपाल भी मौके पर मौजूद रहे।
वन विभाग की टीम ने बुलडोजर की मदद से अवैध खेती, अस्थायी निर्माण एवं अन्य कब्जों को हटाया। अधिकारियों के अनुसार जंगल चूड़िया क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रूप से वन भूमि पर कब्जा किया जा रहा था, जिससे वन संपदा और पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंच रहा था।
वन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी अवैध अतिक्रमण, अवैध खनन एवं वन अपराधों के विरुद्ध ऐसी सख्त कार्रवाइयाँ जारी रहेंगी। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी रेंज अधिकारी अखिलेश दूबे के नेतृत्व में अवैध बोल्डर खनन, अतिक्रमण तथा वाहनों की सीजिंग जैसी कई प्रभावी कार्रवाइयाँ की जा चुकी हैं।
